Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चेन्नई, 20 मई (हि.स.)। तमिलनाडु में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के बाद राज्य के कई हिस्सों में लगातार अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। खासकर पश्चिमी घाट से जुड़े जिलों में व्यापक वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी छह दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज यानी 20 मई को नीलगिरि, कोयंबटूर, थेनी, इरोड और डिंडीगुल जिलों के कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे क्षेत्रों के ऊपर वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उससे लगे लक्षद्वीप क्षेत्रों से लेकर दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश तक, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा होते हुए एक निम्न दबाव की द्रोणिका सक्रिय है।
इसी मौसमी प्रणाली के प्रभाव से तमिलनाडु और पुडुचेरी में 20 मई से 25 मई तक लगातार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है।
राजधानी चेन्नई में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। शहर के कुछ इलाकों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं समुद्री क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की चेतावनी भी जारी की गई है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी तथा दक्षिण-पश्चिम अरब सागर क्षेत्रों में 45 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन समुद्री इलाकों में न जाने की सलाह दी है।
प्रशासन ने तटीय जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है और स्थानीय अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।---------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV