Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जौनपुर,15 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीआईपी पार्टी के सुप्रीमो और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने जौनपुर दौरे के दौरान बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। इस दौरान उन्होंने संगठन विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा की।
पत्रकारों से बातचीत में सहनी ने कहा कि वीआईपी पार्टी उत्तर प्रदेश में बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रही है और हर जिले में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि 25 जुलाई से 101 दिवसीय ‘संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से निषाद समाज को आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।सहनी ने संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भाजपा के साथ रहकर समाज के हितों को भूल गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निषाद समाज को आरक्षण दिलाने के बजाय सत्ता का लाभ उठाया जा रहा है। सहनी ने कहा कि यदि 2027 से पहले निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिला, तो समाज भाजपा को वोट नहीं देने का संकल्प लेगा।उन्होंने दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने 55 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि निषाद पार्टी ने भाजपा से गठबंधन कर समाज के साथ विश्वासघात किया। सहनी ने सवाल उठाया कि प्रदेश और केंद्र में लंबे समय से सरकार होने के बावजूद निषाद आरक्षण पर कोई ठोस पहल क्यों नहीं हुई।मुकेश सहनी ने डॉ. संजय निषाद को छह महीने के भीतर आरक्षण दिलाने की चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे ऐसा कराते हैं तो उन्हें पूरा समर्थन मिलेगा, अन्यथा भाजपा छोड़कर उनके साथ आने पर विचार करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव