Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

श्योपुर, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर नगर में रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने किराये के मकान में रहने वाले वाले पिता-पुत्र की शुक्रवार को अचानक हालत बिगड़ने के बाद जहां पिता की मौत हो गई, वहीं पुत्र जिला अस्पताल में भर्ती होकर जिदंगी से जंग लड़ रहा है।
खबरों में सामने आया है कि सीने में जलन कम करने के लिये पिता-पुत्र ने तजबूज खाया था। इस मामले को लेकर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि चिकित्सकों इसे संक्रमण मान रहे हैं, बाकी हकीकत पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पता लग सकेगी।
जानकारी के अनुसार इंद्रसिंह परिहार (43) पुत्र कर्मसिंह निवासी सुसनेर जिला शाजापुर अपने परिवार के साथ श्योपुर रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने किराए के मकान में रहते थे। इंद्रसिंह पेशे से ड्राइवर थे। परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम को खाना खाने के बाद उनकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद सुबह करीब 6 बजे इंद्रसिंह और विनोद दोनों को दोबारा सीने में जलन महसूस हुई। जलन से राहत पाने के लिये दोनों पिता-पुत्र ने तरबूज खाया। तरबूज खाने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत और ज्यादा खराब हो गई। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए। इंद्रसिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कोटा रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। जबकि विनोद की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों बोले, तरबूज खाने से बिगड़ी हालत
मृतक इंद्रसिंह के परिजनों ने बताया कि खातौली तिराहे से तरबूज खरीदकर उसे ठंडा होने के लिये कूलर में रखा था। इन्द्रसिंह और उनके बेटे विनोद ने सुबह सीने में जलन होने पर तरबूज खाना था, परिजनों का कहना है कि तरबूज का सेवन करते ही दोनों की तबियत बिगड़ गई। जिन्हें वे अस्पताल लेकर गये, जहां से इन्द्रसिंह की गंभीर हालत को देखकर उन्हंे कोटा के लिये रेफर किया गया, लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि विनोद गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती हैं।
डॉक्टरों का माननाः इंफेक्शन हो सकता है मृत्यु का कारण
पिता की मौत और बेटे के गंभीर हालत में पहुंचने को लेकर सिविल सर्जन डॉ आरबी गोयल ने बताया कि दो लोगों को सुबह गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। तरबूज खाकर मौत होने जैसी बात फिलहाल सामने नहीं आई है। पेट में इन्फेक्शन हो सकता है। बाकी असल वजह क्या रही है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही पता लग सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्णव