Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवघर, 15 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय मनरेगा श्रमिक संगठन के देशव्यापी हड़ताल आह्वान के तहत शुक्रवार को पलाजोरी प्रखंड के पहरुडीह पंचायत स्थित असना मोड़ पर सैकड़ों मनरेगा श्रमिकों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इस आंदोलन में पुरुषों और महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही। सलमा बीवी और सबीजन बीवी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन को देवघर जिला इंटक ने सक्रिय समर्थन दिया। प्रदर्शन के दौरान इंटक के झारखंड प्रदेश सचिव अजय कुमार ने केंद्र सरकार की श्रमिक नीतियों को श्रमिक विरोधी बताते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल मजदूरी बढ़ाने की मांग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह श्रमिकों के रोजगार के अधिकार और सम्मान की रक्षा की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा श्रमिकों के संघर्ष में इंटक पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। अजय कुमार ने मांग करते हुए कहा कि तथाकथित वीजी राम जी एक्ट को वापस लिया जाए, प्रत्येक श्रमिक को वर्ष में 200 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जाए, न्यूनतम मजदूरी 700 रुपये प्रतिदिन की जाए, ग्राम सभाओं को अधिक अधिकार दिए जाएं तथा वर्ष में दो बार मजदूरी का पुनरीक्षण किया जाए।
देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा ने कहा कि 12 फरवरी 2026 की आम हड़ताल में भी मनरेगा को मजबूत करने और नए कानूनों के विरोध की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई थी। उन्होंने कहा कि फेस रिकग्निशन आधारित उपस्थिति प्रणाली और जटिल तकनीकी भुगतान व्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में वास्तविक श्रमिक योजना से बाहर हो रहे हैं।
ऐसे प्रावधानों को तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy