Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


कैथल, 08 अप्रैल (हि.स.)। शहर की एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी में आयोजित हरियाणवी कलाकारों की केसीएल (कलाकार क्रिकेट लीग) में बुधवार को दूसरे दिन भी मुकाबलों का रोमांच जारी रहा। हालांकि रात में हुई बारिश के कारण स्टेडियम में पानी भर गया, जिससे मैच देरी से शुरू हुए और आयोजकों को मुकाबलों को 20 ओवर की बजाय 15-15 ओवर का करना पड़ा।
केसीएल के डायरेक्टर एवं हारट्राेन स्किल सेंटर के संचालक डॉ. बलविंद्र ढुल ने बताया कि रात में हुई बारिश के कारण मैदान में पानी भर गया था, लेकिन बुधवार को मौसम साफ होने और धूप निकलने से मैच संभव हो सके। उन्होंने बताया कि परिस्थितियों को देखते हुए मैचों को पांच-पांच ओवर कम करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ।
दूसरे दिन का पहला मुकाबला वीर वॉरियर्स और मस्त कलंदर के बीच खेला गया। वीर वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मस्त कलंदर की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट खो कर 110 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विक्की राजपूत ने 18 गेंदों में 19 रन और बिंटू पाबड़ा ने 19 गेंदों में 18 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीर वॉरियर्स की टीम मस्त कलंदर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और पूरी टीम 10.5 ओवर में महज 40 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से केवल सुख देशवाल ही दहाई का आंकड़ा छू सके, जबकि चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए और तीन खिलाड़ी एक-एक रन बनाकर आउट हो गए। मस्त कलंदर ने यह मुकाबला 70 रन के बड़े अंतर से जीतकर अपनी जीत की लय बरकरार रखी।
मस्त कलंदर के गेंदबाज योगी अंजाना ने भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 11 रन देकर तीन विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें लगातार दूसरे दिन मैन ऑफ द मैच चुना गया।
यंग याेद्धा और सुरीले सूरमा के बीच रही कांटे की टक्कर
वहीं दूसरे मुकाबले में यंग योद्धा और सुरीले सूरमा की टीमें आमने-सामने रहीं। यह मैच भी 15-15 ओवर का खेला गया। सुरीले सूरमा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यंग योद्धा की टीम ने 15 ओवर में 97 रन बनाए। टीम की ओर से कपिल कथूरवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 55 रन की पारी खेली। उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया। सुरीले सूरमा के गेंदबाज तरुण रघुवंशी ने दो विकेट हासिल किए।
97 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुरीले सूरमा की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज तरुण रघुवंशी पहली ही गेंद पर दीप लाठ का शिकार हो गए। उनका कैच कपिल कथूरवाल ने लपका। मंच पर अपने गीताें से धूम मचाने वाले गायक और सुरीले सूरमाओं के कप्तान अमित ढुल का बल्ला दूसरे दिन भी नहीं चला। वह सात गेंदाें में मात्र दाे रन ही बटाेर सके और दीप लाठ की गेंद पर गाैरव जाट द्वारा लपक लिए गए। सलामी बल्लेबाज विक्रम मलिक ने टीम काे संभालने का प्रयास किया और 26 गेंदाें पर 33 रन की पारी खेली, लेकिन रन आउट हाे गए। सुरीले सूरमाओं ने 15 ओवर में आठ विकेट पर 83 रन बनाए। यंग योद्धा ने यह मैच 14 रन से जीत लिया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे