Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रामगढ़, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले के कोतरे बसंतपुर पंचमो केबीपी कोल परियोजना के सुचारू संचालन और परियोजना प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने केबीपी कोल परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं परियोजना प्रबंधन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों के हितों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने परियोजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने रोजगार सृजन, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने रोजगार, परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा, जलापूर्ति सहित कई स्थानीय समस्याओं को उठाया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों और परियोजना प्रबंधन को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने और नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने परियोजना क्षेत्र में पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संतुलन भी बना रहे। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, परियोजना प्रबंधन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश