Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

महोबा, 30 अप्रैल (हि.स.)। जनपद की जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने गुरुवार को निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का स्थलीय निरीक्षण कर धरातल पर निर्माण कार्यों को परखा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों की विस्तृत समीक्षा की है, साथ ही उन्होंने कार्यदायी संस्था को समय सीमा के अंदर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को डीएम गजल भारद्वाज ने जनपद मुख्यालय में छतरपुर रोड पर निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का धरातल पर निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के इंजीनियर से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रामा सेंटर में स्थापित की जाने वाली आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने परिसर में साफ सफाई, सुरक्षा उपायों एवं साइट प्रबंधन की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि निर्धारित समय में ट्रामा सेंटर तैयार होने से जिले में आपात चिकित्सा को मजबूती मिलेगी और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध हो सकेगा। जिससे आमजनमानस को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी