Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फर्रुखाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की कोतवाली कायमगंज नगर के एक मैरिज होम में गुरुवार रात को विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग हुई। गोली दुल्हन के जीजा गौरव सक्सेना को लगी। उन्हें तत्काल फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक है। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
यह घटना लाला परमानंद की बगीची में आयोजित जय सक्सेना के विवाह समारोह में हुई। जय सक्सेना मोहल्ला जवाहरगंज निवासी प्रदीप सक्सेना के पुत्र हैं, जिन्हें कथित तौर पर बजरंग दल प्रभारी बताया गया है। द्वारचार की रस्म के दौरान जयमाल स्टेज से लगभग 50 मीटर दूर बैठे लोगों के बीच अचानक गोली चली, जो सीधे दुल्हन के जीजा गौरव सक्सेना को जा लगी।
गौरव, शिव संत सक्सेना के पुत्र और शमशाबाद के बाजार कला के निवासी हैं। गोली लगते ही गौरव लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिससे वैवाहिक स्थल पर चीख-पुकार और भगदड़ की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला और कस्बा चौकी इंचार्ज अंकुर भट्टी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और मामले की गहनता से जाँच की जा रही है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar