Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने तथा रेलवे संपत्ति की मजबूत सुरक्षा के निरंतर प्रयासों के क्रम में पूर्व रेलवे के अंतर्गत मालदा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल द्वारा जंगीपुर रोड, भागलपुर, साहिबगंज एवं बड़हरवा सहित प्रमुख स्थानों पर समन्वित विशेष अभियान चलाया गया।
यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध की रोकथाम तथा यात्रियों में विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से सघन निगरानी एवं सक्रिय प्रवर्तन उपायों के तहत संचालित किया गया। यह अभियान मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक मालदा के मार्गदर्शन तथा असीम कुमार कुल्लू मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ मालदा के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ, जो मंडल की यात्री सुरक्षा, संरक्षा एवं सेवा उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। टी-क्राइम ड्राइव के अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट भागलपुर द्वारा जीआरपी एवं अन्य एजेंसियों के समन्वय से भागलपुर रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। ट्रेन संख्या 13235 साहिबगंज – दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस की जांच के दौरान एक व्यक्ति को देशी पिस्तौल एवं छह खाली कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
वहीं भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सघन जांच के दौरान एक व्यक्ति से 75 बोतल अवैध शराब (37.5 लीटर), जिसमें रॉयल स्टैग व्हिस्की एवं किंगफिशर बीयर शामिल थीं, बरामद की गई। कुल शराब की मात्रा 37.500 लीटर तथा अनुमानित मूल्य 23,150 रुपया था। जब्त शराब को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए संबंधित उत्पाद विभाग को सुपुर्द किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर