Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किसानों को दी जाएगी उन्नत तकनीकों की जानकारी
बिलासपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले में 5 मई से 20 मई 2026 तक “विकसित कृषि संकल्प अभियान” संचालित किया जाएगा, जिसके माध्यम से किसानों को खरीफ सीजन की तैयारी एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
उप संचालक कृषि पीडी हथेश्वर ने बताया कि, अभियान का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए विकासखंड स्तर पर विशेषज्ञों की टीमें गठित की गई हैं, जो गांवों में पहुंचकर किसानों को मार्गदर्शन देंगी।
अभियान के दौरान मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, तथा खरीफ फसलों की उन्नत पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही दलहन-तिलहन, मक्का सहित विभिन्न फसलों के उत्पादन बढ़ाने के उपाय भी बताए जाएंगे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए तथा अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर