Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 15 अप्रैल (हि.स.)। नेशनल गेम्स में भाग लेकर लौटे जिले के खिलाड़ियों ने बुधवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से रेस्ट हाउस में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और सम्मानित किया।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि जिले में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने के लिए प्रशिक्षण शिविर, नियमित प्रतियोगिताएं और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खेलों को नई दिशा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें खेलों के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने खेल सामग्री की उपलब्धता, नए खेल मैदानों के निर्माण और प्रशिक्षण सुविधाओं के उन्नयन को लेकर सुझाव भी आमंत्रित किए।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें मंच देने पर विशेष बल देते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष लक्ष्मण साहू (पहलवान) ने कुश्ती के लिए समर्पित हॉल निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिस पर कांटा तालाब के पास हॉल निर्माण के लिए सहमति दी गई। वहीं फ्रीडम अकैडमी के संचालक लोकेश साहू ने आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आवास व्यवस्था का सुझाव रखा, जिस पर लाइवलीहुड कॉलेज में अस्थायी ठहराव की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में एसडीएम एवं जिला खेल अधिकारी पीयूष तिवारी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे। सभी ने जिले में खेलों के विकास के लिए समन्वित प्रयास करने पर सहमति जताई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा