Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मथुरा, 15 अप्रैल(हि.स.)। थाना व कस्बा बलदेव क्षेत्र अंतर्गत गांव छौली में नाली के पानी को लेकर बीती रात दो पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी थोड़ी देर में खूनी झगड़े के रूप में आ गई। जिसमें एक पशु चिकित्सक की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह भेजने के साथ ही हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
बलदेव क्षेत्र के गांव छोली निवासी तेजपाल सिंह पशु चिकित्सक थे, उनका पड़ोसियों से नाली के पानी की निकासी को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में पहले तीखी बहस हुई। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि झगड़े के दौरान तेजपाल सिंह के सिर पर लाठी से जोरदार वार किया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण तेजपाल सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मारपीट में उनका भाई नेत्रपाल घायल हो गया। उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद कालोनी में तनाव का माहौल है। सीओ महावन श्वेता वर्मा ने बताया कि आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह नाली के पानी की निकासी बताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार