Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बीकानेर, 15 अप्रैल (हि.स.)। प्रमुख शासन सचिव (कृषि एवं उद्यानिकी ) मंजू राजपाल ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों की भर्ती सहित विभिन्न समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता में है।
कृषि विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं के साथ एसकेआरएयू स्थित कुल गुरु सभागार में बुधवार को चर्चा करते हुए राजपाल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों के शोध अनुसंधान और तकनीक का पूरा लाभ किसानों तक पहुंचे, इसके लिए कृषि विभाग तथा विश्वविद्यालयों को और समन्वित प्रयास करने होंगे। विश्वविद्यालयों में मानव संसाधन की कमी विचारणीय मुद्दा है, मात्र 20-25 प्रतिशत पद ही भरे हुए हैं, भर्ती, पेंशन सहित विश्वविद्यालयों की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के समक्ष तथ्य रखें जाएंगे, जिससे इस संदर्भ में संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय हो सके। राज्य सरकार के स्तर पर भर्ती की अनुमति से संबंधित कार्य प्राथमिकता से करवाए जाएंगे।
प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि प्रदेश में फसलों का व्यापक विविधीकरण है, बागवानी की भी बहुत संभावनाएं हैं, उत्पादकता व किसानों की आय बढ़ाने में मृदा स्वास्थ्य अहम है।
कृषि वैज्ञानिक तथा विभागीय अधिकारी किसानों को अधिकतम लाभ देने के लक्ष्य के साथ रोड मैप बनाकर कार्य करें। उन्होंने एक पंच गौरव योजना के तहत एक जिला एक उत्पाद योजना से विश्वविद्यालयों को जुड़ते हुए स्थानीय किसानों के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में एसकेआरएयू के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ राजेंद्र बाबू दुबे ने विश्वविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों व समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित चने की गणगौर और मूमल वैरायटी देश के 25% क्षेत्र को कवर करती है।
एसकेएन कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर के कुलगुरु डॉ पीएस चौहान ने कहा कि विश्वविद्यालय के पेंशनर्स को पेंशन का पूरा लाभ मिले और पीएफ का बकाया पैसा समय पर जारी हो। एमपीयूटी उदयपुर के रजिस्ट्रार ने बताया कि विश्वविद्यालय में 80 प्रतिशत पद खाली होने से आइडेंटिटी क्राइसिस की स्थिति बन रही है ।
बैठक में अनुसंधान निदेशक एसकेआरएयू डॉ एनके शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान कृषि विभाग के जयदीप दोगने, मुकेश गहलोत, मंडी सचिव नवीन गोदारा सहित अन्य अधिकारी, वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
प्रमुख शासन सचिव ने एसकेआरएयू स्थित खजूर परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि खजूर के टिशू कल्चर पौधों के साथ ऑफशूट से तैयार पौधों को भी लगाना चाहिए। खजूर का क्षेत्रफल बढ़ाने की आवश्यकता बताते हुए प्रमुख शासन सचिव ने खजूर के टिशू कल्चर पौधे तैयार करने पर और अधिक अनुसंधान के निर्देश दिए। खजूर परियोजना प्रभारी डॉ राजेंद्र सिंह राठौड़ ने परियोजना की जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव