Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

छिंदवाड़ा, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुमका घाटी में मंगलवार देर रात की दरम्यानी रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चलती रुई से भरी ट्रक में अचानक आग लग गई, जिससे कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक आरजे 09 जीएफ 8686 महाराष्ट्र से रुई लेकर पश्चिम बंगाल के कोलकाता जा रहा था। जैसे ही वाहन छिंदवाड़ा से नरसिंहपुर की ओर बढ़ते हुए भुमका घाटी के पास पहुंचा, तभी अचानक उसमें आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को वाहन रोकने का भी मौका नहीं मिला। स्थिति बिगड़ते देख ड्राइवर और कंडक्टर ने तत्काल ट्रक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, हालांकि दोनों को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार तड़के अमरवाड़ा पुलिस स्टेशन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे