Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 13 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस थाना जुब्बल की टीम ने सुरेंद्र सिंह (42 वर्ष), पुत्र सोहन लाल, निवासी गांव व डाकघर झरग, तहसील जुब्बल, जिला शिमला को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार सुरेंद्र सिंह वर्ष 2015 में दर्ज एक मामले में वांछित था। उसके खिलाफ पुलिस थाना जुब्बल में 9 फरवरी 2015 को भारतीय दंड संहिता की धारा 325 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में लंबे समय तक अदालत में पेश न होने और गिरफ्तारी से बचते रहने के कारण न्यायालय ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आरोपी पिछले काफी समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था और उसकी तलाश लगातार जारी थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए रविवार देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा