Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 12 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीता है। मेजबान टीम ने फाइनल में मध्य प्रदेश को 2-1 से हराकर अपना खिताब वापस जीता।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। झारखंड की ओर से सुगन सांगा ने मैच के पांचवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, मध्य प्रदेश ने हार नहीं मानी और दूसरे हाफ में नाम्मी गीताश्री ने 37वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
जब मुकाबला बराबरी पर था और दोनों टीमें जीत के लिए जोर लगा रही थीं, तभी सेवानी केरकेट्टा ने 56वें मिनट में शानदार फील्ड गोल कर झारखंड को निर्णायक बढ़त दिलाई। यह गोल मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ और झारखंड ने 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
पूरे टूर्नामेंट में झारखंड का प्रदर्शन शानदार रहा। टीम ने एक भी मैच नहीं गंवाया और पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद क्वार्टरफाइनल और सेमीफाइनल में भी लगातार 2-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। टीम की संदीपा कुमारी पांच गोल के साथ टूर्नामेंट की शीर्ष स्कोरर रहीं।
वहीं, तीसरे स्थान के मुकाबले में ओडिशा ने उत्तर प्रदेश को 4-2 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। ओडिशा की प्रियंका मिंज ने दो गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इसके अलावा प्रिया प्रिंसेस एक्का और अर्चना कुजूर ने भी गोल कर ओडिशा को मजबूत बढ़त दिलाई। उत्तर प्रदेश की ओर से कप्तान अरीका कुमारी और ममता कुमारी ने गोल किए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सकीं।
इस तरह झारखंड ने घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित की।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय