Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- बुंदेलखण्ड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने समझने के लिए किया मप्र का दौरा
इंदौर, 10 अप्रैल (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं रीजनल स्तर पर रोड़ शो एवं ग्लोबल तथा रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव के माध्यम से प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के मध्य प्रदेश मॉडल की देश भर में सराहना हो रही है। करीब 56 हजार एकड़ में विकसित हो रहे बुंदेलखण्ड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ संजय खत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्राधिकरण के पांच सदस्यीय दल द्वारा 8-9 और 10 अप्रैल को मध्य प्रदेश का दौरा किया गया।
उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के दल ने शुक्रवार को धार जिले में स्थित प्रदेश के पहले पी.एम. मित्र पार्क का दौरा किया, जहाँ पर दोनों राज्यों की टेक्निकल टीम ने साथ बैठकर परियोजना का बारिकी से अध्ययन किया, जिसमें कि ले-आऊट प्लानिंग, क्रॉस सेक्शन, डी.पी.आर. आदि शामिल थे। डेलिगेशन के सदस्य मध्य प्रदेश मॉडल से काफी प्रभावित हुए एवं इसे अपने क्षेत्र में लागू करेंगे।
डेलिगेशन ने इंदौर में एम.पी.आई.डी.सी., क्षेत्रीय कार्यालय के कार्यकारी संचालक हिमांशु प्रजापति से मुलाकात की, जहाँ पर उनके द्वारा पी.एम. मित्र पार्क एवं अन्य औद्योगिक परियोजनाओं पर प्रस्तुति दी गई तथा मध्य प्रदेश को निवेशकों की पहली प्राथमिकता बनाए जाने के संबंध में शासन स्तर से किए जा रहे विभिन्न प्रयासों, निवेश प्रोत्साहन पॉलिसी, अधोसंरचनाओं की गुणवत्ता तथा प्लानिंग के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
दल द्वारा यह बताया गया कि इन्दौर क्षेत्र के पी.एम. मित्र पार्क एवं पीथमपुर की विख्यात छवि के कारण उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें मध्य प्रदेश से निवेश आकर्षण एवं अन्य चीजों को समझने हेतु भेजा गया है। दल द्वारा स्मार्ट इण्डस्ट्रीयल पार्क एवं मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क का भी भ्रमण किया गया एवं इस संबंध में बारिकी से जानकारी प्राप्त की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर