Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देहरादून/रायवाला, 09 मार्च (हि.स.)। देहरादून जनपद के रायवाला क्षेत्र स्थित मोतीचूर फ्लाईओवर पर रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक बस सहित पांच वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर के तुरंत बाद वाहनों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला की मौत हुई है जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि टक्कर के बाद एक वाहन में आग भड़की, जिसने तेजी से अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना में 08 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। एम्स में उपचार के लिए कुछ घायलों को रेफर किया गया।
प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। क्षेत्र में यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है। राहत-बचाव कार्य पूर्ण होने के बाद ही हताहतों और नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय