Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। फीलखाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने चरस की तस्करी करने वाले दो तस्करों को डेढ़ किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चरस की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गये तस्कर चरस को नेपाल के रास्ते गोरखपुर और फिर कानपुर के अलग-अलग इलाकों में पुड़िया बनाकर सप्लाई करते थे।
अपर पुलिस उपायुक्त एसओजी सुमित सुधाकर रामटेके ने रविवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि बीते काफी समय से शहर में चल रहे मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में फीलखाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने गोरखपुर निवासी नौशाद कुरेशी व फीलखाना के इटावा बाजार के रहने वाले आशु निगम को डेढ़ किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए शातिर नौशाद ने बताया कि वह नेपाल से बिहार और गोरखपुर के रास्ते होते हुए रोडवेज बस के जरिए चरस लाने के लिए पानी की बोतल के ऊपरी हिस्से में घी और नीचे के हिस्से में चार पैकेट चरस को फीलखाना निवासी आशु निगम को बेचने के लिए ला रहा था। तभी दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है। -----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप