गुड़ाबांदा में हाथी के हमले से युवक की मौत
पूर्वी सिंहभूम, 08 मार्च (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड की बालीजुड़ी पंचायत स्थित माड़ोतुलिया गांव में हाथी के हमले से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अभिषेक मांडी (30) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा ह
प्रतीकात्मक तस्वीर


पूर्वी सिंहभूम, 08 मार्च (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड की बालीजुड़ी पंचायत स्थित माड़ोतुलिया गांव में हाथी के हमले से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अभिषेक मांडी (30) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक मांडी शनिवार को अपने दो साथियों के साथ बाइक से मेला देखने गया था। लौटते समय रास्ते में बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया, जिसके बाद तीनों युवक बाइक को ठेलते हुए बालीजुड़ी तक पहुंचे। रात अधिक हो जाने के कारण उसके दोनों साथी वहीं रुक गए, जबकि अभिषेक मांडी अकेले ही पैदल अपने गांव के लिए निकल पड़ा।

बताया जा रहा है कि रात के दौरान रास्ते में किसी समय जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना कब और कैसे हुई, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। रविवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत परिजनों और वन विभाग को सूचना दी।

घटनास्थल के आसपास हाथी के पैरों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत हाथी के हमले में ही हुई है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथी को गांव से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। वहीं लोगों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की ओर से हाथियों की आवाजाही की समय पर सूचना नहीं दी जाती, जिससे लोग अनजान रहते हैं और ऐसी घटनाएं हो जाती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक