Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फिरोजाबाद, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को टूंडला से कानपुर तक बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस का संचालन महिला कर्मचारियों ने किया। इस दौरान लोको पायलट से लेकर स्टेशन मास्टर तक की सभी जिम्मेदारियां महिला कर्मियों ने संभालीं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रेलवे ने महिलाओं को सम्मानित करने के लिए एक अनूठी पहल की। रेलवे ने बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस में ड्राइवर से लेकर गार्ड तक सभी महिला कर्मी तैनात की। जिन्होंने ट्रेन को टूंडला जंक्शन से कानपुर जंक्शन तक सफलतापूर्वक पहुंचाया। ट्रेन के टूंडला स्टेशन से रवाना होने से पहले महिला कर्मियों का सम्मान हुआ। लोको पायलट अर्चना कुमारी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन मैनेजर ज्योत्सना शुक्ला, टीटीई पिंकी मीणा और आरपीएफ कांस्टेबल नेहा, दीप्ती, रेखा, कविता ने ट्रेन में सुरक्षा की कमान संभाली।
वहीं स्टेशन मास्टर के रूप में रजनी सिंह और शशी ने कार्यभार संभाला, जबकि पाइंटमैन की जिम्मेदारी हेमा, वर्षा शर्मा और प्रिया यादव ने निभाई। स्टेशन अधीक्षक सुजीत कुमार के नेतृत्व में सभी महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
स्टेशन अधीक्षक ने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं, उन्हें केवल अवसर देने की आवश्यकता है।
लोको पायलट अर्चना कुमारी ने कहा कि यदि महिलाओं को उचित अवसर मिलें तो वे किसी भी क्षेत्र में बुलंदियों को छू सकती हैं। उन्होंने समाज में महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही।
इस अवसर पर वरिष्ठ क्रू नियंत्रक गजेंद्र पाल सिंह, उप क्रू नियंत्रक कुणाल सन्याल, मुख्य लोको निरीक्षक नरेंद्र मोहन मीणा सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़