महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा प्रत्येक दिन सुनिश्चित होनी चाहिए : राज्यपाल
केजीएमयू की 120 छात्राओं का हुआ एचपीवी टीकाकरण लखनऊ, 08 मार्च (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जन भवन, लखनऊ में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ की एम0बी0बी0एस0 एवं बी0डी0एस0 की 120 छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निः
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद


केजीएमयू की 120 छात्राओं का हुआ एचपीवी टीकाकरण

लखनऊ, 08 मार्च (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जन भवन, लखनऊ में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ की एम0बी0बी0एस0 एवं बी0डी0एस0 की 120 छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निःशुल्क एच0पी0वी0 टीकाकरण की प्रथम डोज लगाई गई।

इस अवसर पर राज्यपाल ने उपस्थित सभी छात्राओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन महिलाओं के सम्मान के लिए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है, किन्तु महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा प्रत्येक दिन सुनिश्चित होनी चाहिए। समाज में ऐसा कोई दिन न हो जब महिलाओं को कठिनाई या असुरक्षा का सामना करना पड़े और हम उनके साथ खड़े न हों।

राज्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े संस्थानों और चिकित्सकों की समाज के प्रति विशेष जिम्मेदारी होती है, क्योंकि उनका सीधा संबंध मरीजों और उनके जीवन से होता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सेवा की भावना, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा उनकी समुचित देखरेख चिकित्सा सेवा के महत्वपूर्ण मूल्य हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने शिक्षकों और वरिष्ठ चिकित्सकों के आदर्श व्यवहार से प्रेरणा लेकर चिकित्सा सेवा में मानवीय मूल्यों को अपनाएँ।

राज्यपाल ने कहा कि एक चिकित्सक का मरीज के साथ व्यवहार अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। यदि डॉक्टर मरीज और उसके परिवार से संवेदनशीलता के साथ संवाद करता है तथा उसकी स्थिति के प्रति सहानुभूति व्यक्त करता है, तो यह भी मरीज के शीघ्र स्वस्थ होने में सहायक होता है।

आनंदीबेन पटेल ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व एच0पी0वी0 टीकाकरण की पहल सबसे पहले जन भवन से प्रारम्भ की गई थी, जहां जनभवन कार्मिकों की बालिकाओं को एच0पी0वी0 टीकाकरण की तीन डोज दी गई थीं। इसके पश्चात कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के सहयोग से उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर एच0पी0वी0 टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों की बालिकाओं के लिए भी एच0पी0वी0 टीकाकरण अभियान चल रहा है, जिसकी शुरुआत लखनऊ से की गई थी और अब यह पहल प्रदेश के लगभग सभी जनपदों में प्रारम्भ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि एच0पी0वी0 टीकाकरण एक समाज-प्रेरित कार्य है और समाज की जिम्मेदारी है कि वह लोगों को इसके प्रति जागरूक करे तथा टीकाकरण के लिए प्रेरित करे।

इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबड़े, के0जी0एम0यू0 की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद, क्वीन मैरी, के0जी0एम0यू0 की प्रो. डॉ. सुजाता देव, प्रभारी जनभवन चिकित्सालय डॉ. नरेंद्र देव सहित संबंधित अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन