Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इंदौर, 03 मार्च (हि.स.)। इजराइल-ईरान जंग के चलते बीते चार दिनों से दुबई में फंसे पूर्व विधायकों के साथ इंदौर निवासी उद्योगपति परिवार मंगलवार शाम इंदौर लौट आए हैं।
जानकारी के अनुसार, दुबई में फंसे भारतीयों को लेकर विशेष उड़ान मंगलवार सुबह मुंबई पहुंची। यहां से पूर्व विधायक विशाल पटेल, संजय शुक्ला समेत करीब 40 लोग शाम करीब सवा छह बजे इंदौर एयरपोर्ट पर पहुंचे। समर्थक पहले से एयरपोर्ट पर जमा थे। ढोल-ढमाकों से स्वागत किया गया।
इस दौरान संजय शुक्ला ने दुबई सरकार की जमकर तारीफ की। हालांकि दुबई से पोस्ट किए उनके वीडियो पर जब पूछा गया उन्होंने कहा कि हम तो होटल में फंसे थे जो देखा वो बोला। शुक्ला ने कहा कि दुबई सरकार ने खासा सहयोग किया। हजारों भारतीय पर्यटक दुबई में फंसे हैं। सबकी होटल, खाना फ्री कर दिया था। पहली बार सिर्फ भारतीयों को ही वहां से सुरक्षित निकालने के लिए विशेष उड़ान शुरू की गई। हम जब एयरपोर्ट पर आए तो वहां एयरपोर्ट मैनेजर से लेकर एयरलाइन के सीईओ और सरकार के प्रतिनिधि भी हमें छोड़ने आए।
पूर्व विधायक शुक्ला ने अपने बनाए वीडियो पर कहा कि दुबई से ईरान सिर्फ 40 किमी दूर है। ईरान ने अमेरिकी बेस पर हमला किया था। पूरी दुनिया डरी हुई है। हम भी होटल में थे ऐसे में जो देखा वो बोला हालांकि अब स्थिति बिल्कुल सामान्य है। पूर्व विधायक विशाल पटेल ने कहा कि स्थितियां कब बदल जाए इसका लोगों के मन में डर था। बम गिराए जरुर गए लेकिन हवा में ही उनमें से लगभग सभी बमों को इंटरसेप्ट कर दिया गया। ऐसे में जो थोड़ा बहुत मलवा वगैरह जमीन पर गिरता उसी से थोड़ा डर फैल रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर