Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बेरूत, 14 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में 15 दिन से जारी सैन्य संघर्ष के बीच इजराइल ने दक्षिणी लेबनान पर हवाई हमले किए। इस हमले में एक स्वास्थ्य केंद्र पर काम कर रहे डॉक्टर, नर्स एवं स्वास्थ्य कर्मियाें समेत 12 लाेगाें की मौत हो गई। लेबनान के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार यह हमला बुर्ज कलाविया शहर में हुआ। इस बीच लेबनान के उग्रवादी संगठन हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि उनका संगठन इजराइल के साथ लंबे संघर्ष के लिए तैयार है, इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
सऊदी अरब की समाचार पत्रिका अरब न्यूज और लेबनान की सरकारी समाचार संस्था राष्ट्रीय समाचार एजेंसी (एनएनए) के अनुसार लेबनान के स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि दक्षिणी लेबनान में हुए इजराइली हमले में एक क्लिनिक के 12 डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिक्स मारे गए। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब क्षेत्र में संघर्ष तेज हो रहा है और हिज़्बुल्लाह ने इज़राइल के साथ लंबे टकराव के लिए तैयार रहने की बात कही है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक हमला बुर्ज कलाविया शहर के एक हेल्थ सेंटर पर हुआ, जहां काम करने वाले मेडिकल स्टाफ की मौत हो गई। इससे पहले सवानेह शहर में हुए एक अन्य हमले में हिज़्बुल्लाह और उसके सहयोगी अमल आंदोलन से जुड़े दो पैरामेडिक्स भी मारे गए थे।
इज़राइल ने शुक्रवार को लिटानी नदी पर बने एक पुल को भी नष्ट कर दिया, जो दक्षिणी लेबनान में आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण मार्ग था।
इज़राइली सेना का कहना है कि यह पुल हिज़्बुल्लाह के लिए उत्तरी और दक्षिणी लेबनान के बीच सैनिकों और हथियारों की आवाजाही का अहम रास्ता था।
इज़राइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि यह कार्रवाई “सिर्फ शुरुआत” है और लेबनान को हिज़्बुल्लाह द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे राष्ट्रीय ढांचे की कीमत चुकानी पड़ेगी।
इस बीच हिज़्बुल्लाह के प्रमुख नईम कासिम ने कहा कि उनका संगठन इजराइल के साथ लंबे संघर्ष के लिए तैयार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह लड़ाई “अस्तित्व की लड़ाई” है और आने वाले समय में संघर्ष और तेज़ हो सकता है।
उधर, लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने इजराइल के साथ सीधे बातचीत की पेशकश की थी, लेकिन अब तक इस पर कोई जवाब नहीं मिला है।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार दक्षिणी लेबनान में लेबनान के संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल के सैन्य ठिकाने के पास भी गोलाबारी की खबरें मिली हैं, जिसकी जांच की जा रही है। विशेषज्ञों ने कहा है कि इजराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच बढ़ता टकराव पूरे मध्य पूर्व में संघर्ष को और भड़का सकता है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी