Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सोनभद्र, 12 मार्च (हि.स.)। जिले की पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत 01 फरवरी से अब तक साइबर ठगी के शिकार हुए कुल 86 पीड़ितों का ₹35,86,160 की धनराशि वापस कराई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया कि साइबर ठगों द्वारा शादी के सीजन में वेंडिंग कार्ड व चालान की एपीके फाइल भेजकर व अन्य तरीकों से काल करके लोन दिलाने या धनराशि दुगुनी कराने का लालच देकर लोगों को मूर्ख बनाकर धन हड़पने का कार्य किया जा रहा था। इस बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा साइबर ठगी से पीड़ित नागरिकों को शीघ्र न्याय एवं राहत प्रदान करने के लिए सघन एवं निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।
उक्त अभियान के तहत पुलिस टीम ने अपने अथक प्रयास से 01 फरवरी से अब तक साइबर ठगी के शिकार 86 पीड़ितों की कुल ₹35,86,160 की धनराशि तथा विगत 01 से 31 जनवरी 2026 तक साइबर ठगी के कुल 48 पीड़ितों की कुल ₹23,12,636 की धनराशि पीड़ितों के मूल बैंक खातों में सकुशल वापस कराया गया है।
यह सफलता जनपदीय साइबर सेल द्वारा एनसीआरपी पोर्टल पर सतत निगरानी, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान, संदिग्ध खातों को तत्काल होल्ड कराना, डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण तथा विभिन्न बैंकों से निरंतर समन्वय स्थापित कर प्राप्त की गई है। जनपद सोनभद्र पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी