Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायबरेली,12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में गुरुवार को कोचिंग पढ़कर घर लौट रहे दो छात्रों की एक हादसे में मौत हो गई, जबकि एक छात्रा घायल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच कर रही है।
जिले के सलोन कोतवाली क्षेत्र के रायबरेली प्रतापगढ़ राजमार्ग पर करहिया टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कोचिंग पढ़कर लौट रहे बाइक सवार छात्रों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। वहीं साइकिल सवार एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा ने बताया कि मृतक छात्रों की पहचान प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के खुदा बख्श का पुरवा गांव निवासी महफूज खान (20) पुत्र मोहम्मद खान औऱ मोहम्मद आलम (18) पुत्र मोहम्मद अशरफ निवासी रेहुआ प्रतापगढ़ हैं। जबकि घायल छात्रा साक्षी (18) निवासी मटियारा अगई थाना लालगंज अझारा, जनपद प्रतापगढ़ की रहने वाली है।
हादसे की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल छात्रा को इलाज के लिए प्रतापगढ़ जिले के अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद भाग रहे ट्रक को प्रतापगढ़ पुलिस ने पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे