Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। भारतीय ओलंपिक संघ ने अपने सभी संबद्ध राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के ओलंपिक संघों से इस वर्ष ओलंपिक दिवस के अवसर पर विशेष पौधरोपण अभियान चलाने का आह्वान किया है। इस अभियान के तहत प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में 2036 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने जारी संदेश में कहा कि इस पहल का उद्देश्य ओलंपिक आंदोलन की पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को उजागर करना है। साथ ही देशभर के समुदायों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए ओलंपिक दिवस को सार्थक तरीके से मनाने के लिए प्रेरित करना भी इसका लक्ष्य है। देशव्यापी पौधरोपण अभियान अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की ‘ओलंपिक फॉरेस्ट’ पहल के अनुरूप है। यह खेलों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति भारत की बढ़ती प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। 2036 पेड़ों का प्रतीकात्मक रोपण एक हरित और टिकाऊ भविष्य के निर्माण के ओलंपिक आंदोलन के संकल्प को दर्शाता है।
राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के ओलंपिक संघों को सलाह दी गई है कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय खेल संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, खिलाड़ियों, युवा संगठनों और सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर काम करें। पौधरोपण कार्यक्रम खेल परिसरों, स्कूलों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित किए जा सकते हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। भारतीय ओलंपिक संघ ने संबद्ध इकाइयों से यह भी अनुरोध किया है कि वे अपने कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण और तस्वीरें साझा करें, ताकि पूरे देश में चल रहे इस अभियान को ओलंपिक दिवस समारोह के हिस्से के रूप में प्रदर्शित किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे