Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 12 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्र सहायता प्राप्त योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता का निर्धारित समय सीमा के भीतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि केंद्र से निधि का हस्तांतरण लगातार मिलता रहे।
मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में केंद्र सहायता प्राप्त योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं राज्य के सर्वांगीण विकास के साथ महिला, युवा, किसान और मजदूर सहित सभी वर्गों के उत्थान का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे के विकास में भी इन योजनाओं की बड़ी भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं के तहत प्राप्त राशि का समय पर उपयोग होने से अंतिम छोर तक लाभार्थियों को राहत मिलती है। इसलिए इन योजनाओं के क्रियान्वयन और वित्तीय प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने योजनाओं के कार्यान्वयन, वित्तीय प्रगति और लाभार्थियों तक पहुंच की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को इनकी निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र से अपेक्षित राशि जारी करवाने के प्रयासों में तेजी लाई जाए।
बैठक में अधिकारियों ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन), चिकित्सा शिक्षा, स्वायत्त शासन, स्कूल शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा समेकित बाल विकास सेवाएं विभागों के तहत संचालित विभिन्न केंद्र सहायता प्राप्त योजनाओं की वित्तीय प्रगति की जानकारी दी।
इस दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित