Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इंफाल, 12 मार्च (हि.स.)। मणिपुर के कामजोंग जिले में थवाई कुकी के पास एक जंगली इलाके में गुरुवार सुबह दो लोगों के शव मिले। इन लोगों के बारे में पहले खबर आई थी कि उन्हें अगवा कर लिया गया था। इस घटना से संवेदनशील पहाड़ी इलाके में दहशत उत्पन्न हो गया है।
मृतकों की पहचान थवाई कुकी गांव के थेंगिन बाइटे (40) और शांगकाई गांव के थांगबोइमांग खोंगसाई (35) के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार को कथित तौर पर एक हथियारबंद गुट के संदिग्ध सदस्यों ने इन दोनों लोगों को अगवा कर लिया था।
बाद में, आस-पास के जंगली इलाकों में तलाशी अभियान चला रही टीमों को गुरुवार की सुबह दोनों लोगों के शव मिले। उनकी मौत से कामजोंग और पड़ोसी जिलों के कुछ हिस्सों में तनाव बढ़ गया है, जो पिछले कुछ महीनों से संवेदनशील बने हुए हैं।
इस बीच, शांगकाई गांव प्राधिकरण ने आरोप लगाया कि यह स्थिति 11 मार्च को इलाके में हुई घटनाओं की एक श्रृंखला के बाद पैदा हुई है। गांव के निकाय के अनुसार, दो ग्रामीण जो पानी की पाइपलाइन की मरम्मत करने गए थे, उन्हें कथित तौर पर उसी दिन अगवा कर लिया गया था।
स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए, गांव प्राधिकरण ने मणिपुर सरकार और संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप करने, निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इलाके में तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए कदम उठाने की अपील की है। अधिकारियों ने अभी तक इस घटना के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय