पुलिस ने दो लापता किशोरों को ढूंढकर परिवार को सौंपा
शिमला, 12 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले में घर से बिना बताए चले गए दो नाबालिग लड़कों को पुलिस ने कुछ ही समय में ढूंढकर सुरक्षित उनके परिवार के पास पहुंचा दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों बच्चों के परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताय
पुलिस ने दो लापता किशोरों को ढूंढकर परिवार को सौंपा


शिमला, 12 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले में घर से बिना बताए चले गए दो नाबालिग लड़कों को पुलिस ने कुछ ही समय में ढूंढकर सुरक्षित उनके परिवार के पास पहुंचा दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों बच्चों के परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार 11 मार्च को चिड़गांव क्षेत्र की रहने वाली दो महिलाओं हीरामणी और रजना पुलिस थाना में पहुंचीं और शिकायत दर्ज करवाई कि उनके बेटे घर से बिना किसी को बताए कहीं चले गए हैं। दोनों लड़कों की उम्र करीब 16 वर्ष बताई गई है। अचानक बच्चों के घर से चले जाने के कारण परिवार के लोग काफी चिंतित थे और उन्हें किसी अनहोनी का डर सता रहा था।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की और संभावित जगहों पर जानकारी जुटाई। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की और बच्चों के बारे में सुराग जुटाने की कोशिश की।

लगातार खोजबीन के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों लड़के रोहड़ू क्षेत्र के गांव खनोला में हो सकते हैं। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और जांच करने पर दोनों नाबालिग लड़कों को गांव खनोला, डाकघर समरकोट तहसील रोहड़ू में उनके एक रिश्तेदार के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित थे। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा