Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 12 मार्च (हि.स.)। मुंबई में गुरुवार सुबह विधान भवन, उच्च न्यायालय सहित चार जगहों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने तुरंत इन स्थानों की गहन छानबीन की। जांच में कहीं से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुट गई है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि आज सुबह विधान भवन, हाई कोर्ट सहित चार जगहों पर बम विस्फोट की धमकी भरा मैसेज मिला था। ईमेल में विधान भवन के अलावा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, मेट्रो, हाई कोर्ट और कुछ बैंकों का भी जिक्र था। उन्होंने बताया कि इस समय बजट सत्र चल रहा है इसलिए सभी कर्मचारियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को गेट पर रोक दिया गया था। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता बुलाया गया और विधान भवन परिसर, उच्च न्यायालय सहित अन्य जगह पर भी गहन जांच की गई, लेकिन कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। शिंदे ने कहा कि मुंबई पूरी तरह सुरक्षित है।
गृह राज्य मंत्री पंकज भोईर ने कहा कि पुलिस ईमेल आईडी की जांच कर भेजने वाले का पता लगा रही है। उन्होंने कहा कि यह एक फर्जी ईमेल था, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
विधान भवन सूत्रों ने बताया कि इस ईमेल में खालिस्तान को सपोर्ट करने की बात लिखी थी। इस ईमेल में इंजीनियर गुरनाख सिंह और रुकन शाहवाला नाम लिखे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव