Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 12 मार्च (हि.स.)। कांगड़ा जिला के बीड़ को नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बीड़ क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा और इससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।
अनुराग शर्मा ने कहा कि बीड़ नगर पंचायत बनने से बीड़, गुनेहड़, चौगान और क्योरी क्षेत्र की जनता को सीधा लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों में सड़क, स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, कूड़ा प्रबंधन और अन्य शहरी सुविधाओं को व्यवस्थित रूप से विकसित किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि बीड़ एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है और नगर पंचायत का दर्जा मिलने से यहां विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी तथा पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
वीरवार को जारी एक प्रेस बयान में राज्यसभा सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बीड़ को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाना इसी सोच का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे प्रदेश सरकार ने पूरा किया है। इसके लिए बीड़, गुनेहड़, चौगान और क्योरी क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया जाता है।
अनुराग शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि इस निर्णय से बीड़ क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे और आने वाले समय में यह क्षेत्र पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में और अधिक आगे बढ़ेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया