किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू
कानपुर, 12 मार्च (हि.स.)। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण बेहद जरूरी है। सभी अभिभावक अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस बीमारी के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके। यह बातें गुरुवा
कार्यक्रम के दौरान लिया गया छायाचित्र


कानपुर, 12 मार्च (हि.स.)। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण बेहद जरूरी है। सभी अभिभावक अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस बीमारी के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके। यह बातें गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दीक्षा जैन ने बड़ा चौराहा स्थित एएचएम डफरिन अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ करते हुए कहीं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी संक्रमण को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और यह टीका इस संक्रमण से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। समय पर टीकाकरण के माध्यम से इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। यह टीकाकरण जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध रहेगा, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ), एसीएमओ, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अर्बन नोडल आरआई सहित जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ तथा यूएनडीपी समेत अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह अभियान जनपद में बालिकाओं के स्वास्थ्य और उनके सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विभाग ने सभी पात्र किशोरियों और उनके अभिभावकों से नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप