Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुख्यमंत्री नायब सिंह की 22 मार्च को कांकरौला में होगी रैली
गुरुग्राम, 12 मार्च (हि.स.)। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा है कि आगामी 22 मार्च को कांकरौला में आयोजित होने वाली रैली बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के नए अध्याय की शुरुआत साबित होगी। इस रैली को लेकर गुरुवार को जनसंपर्क अभियान में उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलने जा रही हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस अवसर पर प्रदेश सरकार के तीसरे कार्यकाल में पूरे हो चुके विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे, वहीं क्षेत्रवासियों की मांगों के अनुरूप अनेक नई परियोजनाओं की भी घोषणा की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री गुरुवार को सेक्टर-22 बी स्थित कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन आगामी 22 मार्च को प्रस्तावित मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की रैली को लेकर आयोजित किया गया था। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे क्षेत्र के प्रत्येक गांव, वार्ड और कॉलोनी तक पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को रैली में आमंत्रित करें, ताकि यह रैली ऐतिहासिक और जनसमर्थन का नया रिकॉर्ड स्थापित करने वाली साबित हो सके। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित होता हुआ महानगर है। शहर के विस्तार और विकास की रफ्तार बढऩे के साथ-साथ कई नई चुनौतियां और समस्याएं भी सामने आती हैं। इस अवसर पर मंत्री राव नरबीर सिंह ने यूपीएससी 2025 के परिणाम में 476वीं रैंक प्राप्त करने वाले तेजवीर यादव को सम्मानित किया। उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उन्हें सम्मानित करते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि तेजवीर यादव की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही ऐसी सफलता प्राप्त होती है। राव ने कहा कि तेजवीर यादव जैसे युवा आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर