Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फरीदाबाद, 12 मार्च (हि.स.)। टेलीग्राम टास्क में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के एक मामले में साइबर थाना बल्लभगढ की टीम ने खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि इस संबंध में बल्लभगढ निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ में शिकायत दी थी। उसने शिकायत में बताया कि 20 दिसंबर 2025 को उसके टेलीग्राम पर ओबराय टीलेटी प्रोजेक्ट के नाम से एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक टेलीग्राम ग्रुप में जुड गया। फिर शिकायतकर्ता ने टेलीग्राम टास्क में निवेश के नाम पर ठगों द्वारा बताये खाता में विभिन्न ट्रांजेक्सन के जरिये कुल आठ लाख आठ हजार रुपये निवेश किये। इसके बाद उसे कोई पैसा वापस नही मिला। इस शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब निवासी लखवीर (22) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि लखवीर खाता प्रोवाइडर व ऑपरेटर है। आरोपी आठवीं पास है। खाता में ठगी के चार लाख रुपये आये थे। आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर