Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) के 8वें दीक्षांत समारोह में छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने सभी छात्राओं को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट में कहा कि हमारे इतिहास में रानी लक्ष्मीबाई की वीरता और अहिल्याबाई होल्कर के दूरदर्शी नेतृत्व की प्रेरणा रही है। आज वही शक्ति हमारी बेटियों में शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के माध्यम से नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नारी सशक्तिकरण’ और ‘विकसित भारत 2047’ के विजन से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार भी कौशल, तकनीक, अनुसंधान और स्टार्टअप के अवसर बढ़ा रही है, ताकि हमारी बेटियां विकसित दिल्ली के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा सकें।
मंत्री आशीष सूद ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज प्रतिभाशाली युवा स्नातकों की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया। हमारे युवा - विशेषकर देश की बेटियां- भारत को एक मजबूत और गौरवशाली विकसित भारत की ओर ले जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के आत्मविश्वास, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प को देखकर गर्व महसूस हो रहा है, जो हमारे राष्ट्र के भविष्य को आकार देंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव