भोपाल: जवाहर चौक पर 5 दुकानों के छज्जे गिरे, मेट्रो निर्माण पर उठे सवाल; विधायक-पार्षद मौके पर पहुंचे
भोपाल, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जवाहर चौक इलाके में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक के बाद एक 5 दुकानों के छज्जे भरभराकर गिर गए। हादसा होते ही दुकानों में मौजूद लोग घबराकर बाहर भागे और आसपास के क्षेत्र में
जवाहर चौक पर 5 दुकानों के छज्जे गिरे


भोपाल, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जवाहर चौक इलाके में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक के बाद एक 5 दुकानों के छज्जे भरभराकर गिर गए। हादसा होते ही दुकानों में मौजूद लोग घबराकर बाहर भागे और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक भगवान दास सबनानी और पार्षद जगदीश यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जहां यह हादसा हुआ है उससे कुछ ही दूरी पर मुख्य सड़क पर मेट्रो परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान हुई कंपन या खुदाई के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, जिन दुकानों के छज्जे गिरे हैं उनमें दो फोटो फ्रेम की दुकानें, एक ऑटोमोबाइल की दुकान, एक कपड़े की दुकान और एक स्पोर्ट्स आइटम की दुकान शामिल हैं। दुकानदारों का कहना है कि ये दुकानें नगर निगम की करीब 40 साल पुरानी हैं। उनका आरोप है कि पास में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के कारण इमारत की संरचना कमजोर हुई, जिससे छज्जे अचानक धंस गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने नाराजगी जताते हुए मेट्रो निर्माण कार्य की जांच कराने और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे