अफवाहों के बीच पुलिस ने संभाली कमान, लाइन लगवाकर बंटवाए गैस सिलेंडर
कानपुर, 12 मार्च (हि.स.)। घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाहों के बीच गुरुवार को पुलिस खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालती नजर आई। अधिकारियों की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को नियमानुसार लाइन में खड़ा कराकर गैस सिलेंडरों का वितरण कराया गया, जिससे बिन
उपभोक्ताओं को समझाते एडीसीपी


कानपुर, 12 मार्च (हि.स.)। घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाहों के बीच गुरुवार को पुलिस खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालती नजर आई। अधिकारियों की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को नियमानुसार लाइन में खड़ा कराकर गैस सिलेंडरों का वितरण कराया गया, जिससे बिना किसी अफरातफरी के लोगों को गैस मिलती रही और क्षेत्र में फैली कमी व अनियमितता की चर्चाओं पर विराम लग गया।

मामला थाना नजीराबाद क्षेत्र के चौकी जेके मंदिर इलाके का है। यहां घरेलू गैस सिलेंडर की कमी और वितरण में गड़बड़ी की अफवाह फैलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त स्वरूप नगर और प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गैस एजेंसी पर व्यवस्था का जायजा लिया।

मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं को नियमानुसार लाइन में खड़ा कराकर गैस सिलेंडरों का वितरण कराया गया। अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों से बातचीत कर आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। जांच के दौरान कहीं भी गैस की कमी या अव्यवस्था की स्थिति नहीं पाई गई और क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य रही।

एडीसीपी स्वरूप नगर सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और शासन के पास पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि कोई तय कीमत से अधिक दाम पर गैस सिलेंडर बेचने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही उपभोक्ताओं को यह भी बताया गया कि यदि किसी गैस एजेंसी या डीलर द्वारा गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी या असुविधा की जा रही है तो वे भारत गैस के टोल फ्री नंबर 1800-22-4344, इंडेन गैस के कस्टमर केयर नंबर 1800-2333-555 तथा एचपी गैस के कस्टमर केयर नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप