Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


गोरखपुर, 10 मार्च (हि.स.)। “मिशन शक्ति फेज-5.0” के विशेष अभियान के तहत जनपद में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक अपराध/नोडल मिशन शक्ति के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।
जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीम, पीआरवी तथा अन्य पुलिस बल द्वारा स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं व बालिकाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं तथा उनसे जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई। इस दौरान घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम कानून और महिलाओं की गरिमा से जुड़े अपराधों के बारे में भी जागरूक किया गया।
साथ ही महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, एम्बुलेंस सेवा 108 सहित अन्य सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय