Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर की चुनार कोतवाली क्षेत्र में एक शादी मे जयमाल की रस्म से ठीक पहले दूल्हा मंच पर बेहोश हो गया और ऐसे में दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दिनभर इसकी चर्चा होती रही।
चोपन से आई दुल्हन और चुनार के दूल्हे की शादी रामबाग स्थित एक लॉन में तय थी। सोमवार सुबह ही दुल्हन पक्ष के लोग लॉन में पहुंच गए थे और शादी से पहले की सभी रस्में पूरी की जा रही थीं। देर शाम दूल्हा पक्ष भी बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर नाचते-गाते बारात लेकर समारोह स्थल पर पहुंचा। यहां बारातियों का स्वागत किया गया और द्वाराचार की रस्म भी पूरी हुई। इसके बाद जयमाल का कार्यक्रम शुरू हुआ। दूल्हा स्टेज पर पहुंच गया और कुछ देर बाद दुल्हन भी वरमाला लेकर मंच पर आई। बताया जाता है कि जैसे ही जयमाल डालने की तैयारी हो रही थी, अचानक दूल्हा चक्कर खाकर स्टेज पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
दूल्हे की यह हालत देखकर दुल्हन ने तुरंत वरमाला पहनाने से इनकार कर दिया। मामले ने तूल पकड़ा तो लड़की पक्ष की ओर से डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही और शादी करने से साफ मना कर दिया। आखिरकार बारातियों को निराश होकर बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा