11 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा का स्थापना दिवस
गोरखपुर, 10 मार्च (हि.स.)। श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा का स्थापना दिवस 11 मार्च को बड़े ही भव्य और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार काे सभा के अध्यक्ष राजेश चन्द्रा एवं महाआरती के संयोजक वैद्य अरुण कुमार श्रीवास्तव ने पत्रका
11 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा का स्थापना दिवस


गोरखपुर, 10 मार्च (हि.स.)। श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा का स्थापना दिवस 11 मार्च को बड़े ही भव्य और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार काे सभा के अध्यक्ष राजेश चन्द्रा एवं महाआरती के संयोजक वैद्य अरुण कुमार श्रीवास्तव ने पत्रकारों से बातचीत में दी।

उन्होंने बताया कि 10 मार्च की सायं 7 बजे भगवान चित्रगुप्त की आरती के पश्चात स्नान कार्यक्रम होगा। वहीं 11 मार्च को प्रातः 10 बजे से दुग्धाभिषेक, पूजा-अर्चना एवं हवन-पूजन किया जाएगा। अपराह्न 3 बजे से सुंदरकांड पाठ एवं प्रसाद वितरण का आयोजन रखा गया है।

सायंकाल 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम, होली मिलन तथा सहभोज का कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व प्रधान आयकर आयुक्त शिव दयाल श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे।

वैद्य अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 1946 में राय राजेश्वरी प्रसाद की अध्यक्षता में मंदिर सभा की प्रथम कार्यकारिणी का गठन हुआ था। वर्ष 1949 में मंदिर का संविधान पारित हुआ तथा 1965 में भगवान चित्रगुप्त की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। तब से मंदिर सभा सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक, जनस्वास्थ्य, खेलकूद तथा महिला एवं बाल विकास जैसे अनेक कल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले लगभग दस वर्षों से प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को महाआरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें महानगर के कायस्थ समाज के लोग सपरिवार बड़ी संख्या में सहभागी होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय