Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 09 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गौमांस बरामदगी और दूषित पानी की सप्लाई को लेकर आज साेमवार काे सियासी और सामाजिक तनाव बढ़ने वाला है। पिछले एक महीने से सुर्खियों में बने इन दोनों गंभीर मुद्दों पर कांग्रेस आज भोपाल नगर निगम के आईएसबीटी स्थित मुख्य कार्यालय का घेराव करेगी। प्रदर्शन के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के पुतले दहन के साथ जोरदार नारेबाजी की जाएगी।
यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता रविंद्र साहू झूमरवाला के नेतृत्व में किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि नगर निगम और भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण शहरवासियों की सेहत और आस्था दोनों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इंदौर में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है और भोपाल में भी हालात चिंताजनक हैं। कई इलाकों में सीवेज और पानी की लाइनें एक-दूसरे के बेहद करीब हैं, जिससे नलों में गंदा पानी आ रहा है। इसके बावजूद वार्ड कार्यालयों में जल सुनवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है। कांग्रेस ने मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, महापौर और निगम अधिकारियों की भूमिका की जांच कराई जाए और शहरवासियों को साफ पानी उपलब्ध कराया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे