Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चंडीगढ़, 09 फ़रवरी (हि.स.)। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट व चंडीगढ़ सचिवालय के बाद अब सोमवार को पंचकूला जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से मिली। इसके बाद पंचकूला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया। टीम के साथ डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा और तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस के मुताबिक, पंचकूला कोर्ट के सेशन जज को यह मेल मिला था, जिसमें कोर्ट को बम से उडाऩे की धमकी दी गई थी। इसकी जानकारी उन्होंने तुरंत पुलिस अधिकारियों को दी। पंचकूला डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि धमकी भरा मेल आने के बाद कोर्ट परिसर में करीब दो घंटे तलाशी अभियान चलाया गया। जांच में ऐसा कुछ पाया नहीं गया। यह केवल धमकी का ही मामला है, लेकिन फिर भी उन्होंने एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर की जांच की गई। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा