Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-तहसीलदारों की हड़ताल से अटकीं हजारों रजिस्ट्रियां
चंडीगढ़, 09 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा में तहसीलदारों की हड़ताल के चलते प्रदेश में हजारों की संख्या में रजिस्ट्रियां अटक गई हैं। राज्य सरकार ने सोमवार को डीआरओ तथा एसडीएम को रजिस्ट्री के अधिकार दे दिए हैं, ताकि रजिस्ट्री कार्य प्रभावित न हो।हरियाणा के राजस्व विभाग में पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा है। पहले प्रदेश में पटवारियों की हड़ताल के चलते आम लोग प्रभावित हुए और अब बीते शुक्रवार से प्रदेश के तहसीलदार हड़ताल पर हैं।
हरियाणा के रेवेन्यू ऑफिसर एसोसिएशन के बैनर तले गुरुग्राम के वजीराबाद में नायब तहसीलदार नरेंद्र कुमार, नारायणगढ़ के नायब तहसीलदार संजीव अत्री व पंचकूला के रायपुर रानी तहसीलदार विक्रम सिंगला को निलंबित किए जाने के बाद तहसीलदार व नायब तहसीलदार नाराज हैं।
प्रदेश भर में हड़ताल के कारण दस हजार 77 रजिस्ट्री पेंडिंग पड़ी हैं। हरियाणा के गुरुग्राम में सबसे अधिक 2435 रजिस्ट्री लंबित हो गई हैं जबकि फरीदाबाद में 713, सोनीपत में 647 व रेवाड़ी में 523 रजिस्ट्री लंबित हैं। रजिस्ट्री पेंडिंग होने के कारण लोगों को परेशानी के साथ-साथ प्रदेश सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। शुक्रवार को प्रदेश भर में केवल पंचकूला में एक रजिस्ट्री हुई थी। हरियाणा में रजिस्ट्री बंद होते ही प्रदेश सरकार का रेवेन्यू बंद हो गया। जिस पर सरकार ने कार्रवाई करते हुए डीआरओ और एसडीएम को रजिस्ट्री के अधिकार दे दिए हैं। तहसीलदार व नायब तहसीलदार के पोर्टल से ऐसी काफी सेवाएं हैं, जिनके लिए किसी को भी जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। इसमें डोमिसाइल, विवाह पंजीकरण, जमाबंद व इंतकाल जैसे कार्य शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा