महाशिवरात्रि : मार्कण्डेय महादेव मंदिर में जिलाधिकारी और अपर पुलिस आयुक्त ने तैयारियों को परखा
—मंदिर के आसपास के क्षेत्र, लगने वाले मेला क्षेत्र और घाट का अफसरों ने किया भ्रमण वाराणसी, 09 फरवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर्व पर कैथी चौबेपुर स्थित मार्कण्डेय महादेव मंदिर और गंगाघाट पर उमड़ने वाली शिवभक्तों की संभावित भीड़ की सुरक्षा और सुगम दर्
मार्कण्डेय महादेव मंदिर में जिलाधिकारी और अपर पुलिस आयुक्त


—मंदिर के आसपास के क्षेत्र, लगने वाले मेला क्षेत्र और घाट का अफसरों ने किया भ्रमण

वाराणसी, 09 फरवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर्व पर कैथी चौबेपुर स्थित मार्कण्डेय महादेव मंदिर और गंगाघाट पर उमड़ने वाली शिवभक्तों की संभावित भीड़ की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस कमिश्नर शिवहरि मीणा ने कैथी में श्रद्धालुओं के सकुशल दर्शन पूजन / जलाभिषेक के पुख्ता इंतज़ाम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मार्कण्डेय महादेव मंदिर व घाटों का निरीक्षण किया। अफसरों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में बैठक कर अफसरों ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया। बैठक में श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन के लिए समग्र व्यवस्था और विस्तृत कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। इसमें भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा मंदिर क्षेत्र व घाट की साफ़ सफाई व्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारी द्वय ने मंदिर के आसपास के क्षेत्र, लगने वाले मेला और घाट का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा और मंदिर के मुख्य पुजारी से बातचीत कर आवश्यक व्यवस्थाओं के बावत पूरी जानकारी ली। उन्होंने मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।

जिलाधिकारी ने धाम परिसर के आसपास की क्षेत्रों की साफ सफाई के लिए डीपीआरओ को सफाई कार्मिकों और सुपरवाइजर्स की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर और गेट के बाहर महिला पुलिस कर्मियों और मंदिर प्रबंधन समिति को अपने वालंटियर की तैनाती के निर्देश दिए गए। मंदिर के बाहर जिगजैग बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के मद्देनजर निर्माणाधीन सड़क एवम अन्य खराब मार्गों पर ठीक कराने के निर्देश पीडब्ल्यूडी को दिए गए। घाट पर डीप वाटर बैरिकेडिंग,चेंजिंग रूम,मोबाइल टॉयलेट,पीने के पानी टैंकर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

उन्होंने कहा कि घाट पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित रहे, खराब लाइटों को तत्काल दुरुस्त करवाया जाए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया बनाने और पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के जूते और चप्पल की सुरक्षा हेतु क्लॉक रूम/लॉकर रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी