Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। चार दिन पूर्व पड़री थाना क्षेत्र के परसनपुर गांव के पास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए अशोक कुमार यादव (40) की इलाज के दौरान सोमवार को वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। मनोहरपुर गांव निवासी मृतक अशोक कुमार यादव चुनार स्थित एक फैक्ट्री में गार्ड का काम करता था।
बताया गया कि 5 फरवरी को सुबह अशोक कुमार घर से ऑटो पकड़कर मीरजापुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर परसनपुर गांव के पास किसी का इंतजार कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे मंडलीय अस्पताल और फिर ट्रामा सेंटर वाराणसी लेकर गए थे। इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और सोमवार को उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने मृतक के शव को पड़री थाने पहुंचाकर पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक पड़री, प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा