Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 09 फ़रवरी (हि.स.)। योगी सरकार गौ संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रयागराज जिले में शासन से तीन और स्थाई गौशाला के लिए अनुमोदन स्वीकृत हो गए हैं। हालांकि इससे पूर्व गत वित्तीय वर्ष में एक गौशाला की स्वीकृति मिल गई थी। इस तरह प्रयागराज में कुल चार स्थायी गौशालाएं बनाई जाएगी। यह जानकारी सोमवार को मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ शिवनाथ यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि अस्थाई गौशालाएं का खर्च भी अधिक आ रहा है। जबकि जनपद में जहां स्थाई गौशाला का निर्माण हो गया है। वहां कम खर्च में अधिक संख्या में गोवंश का संरक्षण हो रहा है। शासन की मनसा है कि स्थाई गौशाला से गौवंश का संरक्षण भी बेहतर हो पाएगा और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। डॉ शिवनाथ यादव ने बताया कि प्रयागराज के बारा के जसरा और छीड़ी गांव में स्थायी गौशाला के लिए अनुमोदन स्वीकृत हो गया है। इसी तरह विकासखण्ड शंकरगढ़ के सेमरी तरहार और गुल्हेप्पा में वृहद स्थाई गौशाला के लिए अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व तीन गौशालाएं निर्माणाधीन हैं। सभी गौशालाएं पशुपालन विभाग द्वारा बनाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल