Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



गोरखपुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने साेमवार काे पुलिस कार्यालय में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। एसएसपी ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी पीड़ित को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या टालमटोल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक मामले में पारदर्शिता के साथ कार्रवाई होनी चाहिए और फरियादी को उसकी प्रगति की जानकारी भी दी जाए।
जनता दरबार के दौरान जमीन विवाद, मारपीट, साइबर ठगी, महिला उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद समेत विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। एसएसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर प्रकरणों में तुरंत टीम गठित कर कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। उन्होंने महिला संबंधित मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए संवेदनशीलता के साथ निपटाने को कहा।
इस अवसर पर पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, एसपी यातायात राजकुमार पांडेय, एसपी मंदिर संतोष कुमार तथा सीओ ऑफिस दीपांशी सिंह राठौर मौजूद रहे।
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि थानों पर भी इसी तरह जनता की समस्याएं सुनी जाएं। थानेदार स्वयं शिकायतकर्ता से संवाद करें और छोटी समस्याओं का मौके पर समाधान निकालें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और गुणवत्ता पूर्ण विवेचना के माध्यम से उन्हें शीघ्र निस्तारित किया जाए।
डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यदि आम नागरिक को यह भरोसा होगा कि उसकी बात सुनी जाएगी, तो कानून-व्यवस्था और बेहतर होगी। जनता दरबार के बाद संबंधित अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर दी।
नवागत एसएसपी की इस पहल से फरियादियों में संतोष दिखाई दिया और लोगों ने उम्मीद जताई कि अब उनकी समस्याओं का समाधान तेजी से होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय