Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


खड़गपुर, 09 फरवरी (हि. स.)। हिजली रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बचा लिया गया। दोनों नाबालिग स्टेशन परिसर में अलग-अलग स्थानों पर अकेली अवस्था में मिली थीं।
जानकारी के अनुसार, आठ फरवरी को नियमित गश्त के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने एक नाबालिग को प्लेटफॉर्म संख्या-एक पर फुट ओवर ब्रिज के पास तथा दूसरी नाबालिग को प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर ट्रेन संख्या 12876 के पिछले जनरल कोच में उद्देश्यहीन रूप से घूमते हुए देखा। दोनों की स्थिति संदिग्ध प्रतीत होने पर आरपीएफ ने तत्काल पूछताछ की।
रेलवे अधिकारियों द्वारा सोमवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पूछताछ के दौरान दोनों नाबालिगों ने पारिवारिक गलतफहमी के कारण घर छोड़कर अकेले यात्रा करने की बात स्वीकार की। उनकी कम उम्र और संवेदनशील हालात को देखते हुए आरपीएफ ने दोनों को आरपीएफ पोस्ट हिजली लाकर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले की सूचना तत्काल संबंधित चाइल्ड हेल्पलाइन और जिला बाल संरक्षण विभाग को दी गई। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ अवस्था में चाइल्ड हेल्प डेस्क, खड़गपुर को आगे की देखभाल, परामर्श और पुनर्वास के लिए सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता