Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

झांसी, 09 फ़रवरी (हि.स.)। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सीपरी ओवरब्रिज के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ब्रिज के नीचे से गुजर रही एक कार में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। कार से अचानक धुआं उठता देख वाहन में सवार लोगों में हडक़ंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कार सवारों ने तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
देखते ही देखते कार में आग की लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। सौभाग्यवश इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। जलती हुई कार को देखकर सीपरी ओवरब्रिज के नीचे से गुजर रहे वाहनों के पहिए थम गए। बड़ी संख्या में राहगीर और वाहन चालक मौके पर रुक गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। कई लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरब्रिज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और आपात सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में वीडियो बनाने के बजाय तुरंत संबंधित विभागों को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया